27 सितम्बर 2022
जौनपुर. जनपद में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन सूचना अधिकारी मीनाक्षी यादव पर्यटन विभाग जौनपुर के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्राथमिक विद्यालय राशीपुर, सिरकोनी, जौनपुर में पर्यटन पर केन्द्रित पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में श्रेयांश प्रजापति को प्रथम पुरस्कार, आकृति यादव को द्वितीय पुरस्कार एवं सुकृति को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती रीनू ने बताया कि विद्यार्थी हमारे देश के भविष्य है। विद्यार्थियों को देश की विविधता, संस्कृति और मूल्यों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए। इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों में अपने देश की विविधता एवं संस्कृति को जानने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर पर्यटन सूचना अधिकारी मीनाक्षी यादव, शिक्षिका सोनी यादव, दिनेश चंद्र प्रजापति, शीला देवी, लालबहादुर एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
इसके साथ ही राजा श्री कृष्ण दत पी०जी० कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ जनपद में शाही किला में हेरिटेज वॉक का भी आयोजन किया गया। इस हेरिटेज वॉक में पर्यटन सूचना अधिकारी के साथ कॉलेज के इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सदस्य डॉ0 धर्मवीर सिंह व माजिद हसन के साथ 35 विद्यार्थियों को शाही किले का भ्रमण कराया गया जिनमें वंदना, लक्ष्मी, कविता, बृजेश, आफताब, स्नेहिल आदि विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को देश की संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों से रूबरू कराया गया। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी इमारत की स्थापत्य एवं वास्तु कला अपने अतीत की अनेकों कहानियों को कहती प्रतीत होती हैं। डॉ0 धर्मवीर सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत हमारे देश की पहचान है और इनका संरक्षण करना हमारा दायित्व है।
पर्यटन सूचना अधिकारी कि विश्व पर्यटन दिवस के इस वर्ष की थीम RethinkingTourism (पर्यटन पर पुनर्विचार) है। कोविड महामारी से सबसे अधिक प्रभावित होने वाला क्षेत्र पर्यटन है। पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है जो बहुत लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान करता है। इस वर्ष पर्यटन को पुनः बढ़ावा देने एवं रोजगार के सृजन के लिए दुनियाभर में पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों पर नए सिरे से पुनर्विचार किया जा रहा है।
Tags:
Jaunpur