12-13 सितंबर को होगी यूपी स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप, उद्घाटन समारोह में जुटेंगे जिले के अधिकारी, चिकित्सक और खेलप्रेमी



जौनपुर। जनपद में पहली बार राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। 9वीं यूपी स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 12 एवं 13 सितंबर को साल्वेशन हॉस्पिटल, कंधरापुर, जौनपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 जिलों से लगभग 300 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन जौनपुर ताइक्वांडो यूनियन द्वारा किया जा रहा है। यह चैंपियनशिप ताइक्वांडो यूनियन द्वारा प्रमोटेड तथा इंडियन ताइक्वांडो यूनियन द्वारा सपोर्टेड है। प्रतियोगिता में जूनियर, सब-जूनियर, कैडेट एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
आयोजन का उद्घाटन समारोह 12 सितंबर को दिन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद के प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, पत्रकार, खेल जगत से जुड़े लोग एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र के भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की संभावना जताई गई है।
इसके बाद 13 सितंबर को पूरे दिन विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले युवा खिलाड़ी ताइक्वांडो के विभिन्न मुकाबलों में अपना दमखम दिखाएंगे।
आयोजन में साल्वेशन हॉस्पिटल का विशेष सौजन्य रहेगा। हॉस्पिटल के डॉ. विवेक श्रीवास्तव एवं उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो यूनियन के जनरल सेक्रेटरी रजनीश चौबे सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा प्रतियोगिता को सफल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस चैंपियनशिप का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। जौनपुर में इतने बड़े स्तर पर ताइक्वांडो
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने