जौनपुर महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से बचाव के उद्देश्य से उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में किशोरियों के लिए एचपीवी (Human Papillomavirus) टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह टीकाकरण 14–15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
स्त्री एवं प्रसूति रोग की विभागाध्यक्ष डॉ0 सरिता पांडेय एवं बाल रोग की विभागाध्यक्ष डॉ0 ममता ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह बुधवार एवं शनिवार, सप्ताह में दो दिन एचपीवी टीकाकरण की सुविधा मेडिकल कॉलेज में प्रदान की जा रही है।* पात्र किशोरियों के अभिभावक निर्धारित दिवसों पर अपनी पुत्रियों को मेडिकल कॉलेज लाकर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक प्रक्रिया के उपरांत टीका लगवा सकते हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किशोरावस्था में टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण तथा उससे संबंधित गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायता मिलती है। इसलिए अभिभावकों को चाहिए कि वे अपनी पात्र आयु की बेटियों के एचपीवी टीकाकरण के संबंध में चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करें।
प्रधानाचार्य प्रो0 (डॉ0) आर0बी0 कमल ने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता एवं समय पर टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि रोगों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे एचपीवी टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्र बेटियों को निर्धारित दिवस पर मेडिकल कॉलेज लाकर टीकाकरण का लाभ दिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर (डॉ) ए. ए. जाफरी ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा चिकित्सकीय परामर्श के लिए अभिभावक बाल रोग विभाग, उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाकर ही एचपीवी संक्रमण एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि 14–15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक रहें तथा निर्धारित बुधवार एवं शनिवार को बाल रोग विभाग में चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर टीकाकरण की सुविधा का लाभ
Tags:
Jaunpur
