बदलापुर को मिली बड़ी सौगात: इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन के लिए 5.05 करोड़ स्वीकृत



जौनपुर :बदलापुर विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के बस स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग हेतु आधुनिक चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने कुल 5 करोड़ 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही प्रथम किस्त के रूप में 2 करोड़ 52 लाख रुपये की धनराशि भी आवंटित कर दी गई है।
इस संबंध में बदलापुर के विधायक रमेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 731 (लखनऊ से वाराणसी) मार्ग पर यह पहला चार्जिंग बस स्टेशन होगा, जहां इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि चार्जिंग स्टेशन के निर्माण से न केवल बसों के संचालन में सहूलियत होगी, बल्कि पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता भी कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। साथ ही, यह पहल इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रदेश सरकार एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लगातार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में बदलापुर को और भी कई विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने