ब्लॉसम्स स्कूल द्वारा पृथ्वी दिवस जागरूकता अभियान आयोजित किया गया



शब्बीर हैदर 
जौनपुर। आज ब्लॉसम्स स्कूल, जौनपुर द्वारा पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी छात्र-छात्राएं पृथ्वी दिवस थीम पर आधारित कैप पहनकर तथा हाथों में आकर्षक स्लोगन बोर्ड लेकर रैली में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने तिरंगा ध्वज के साथ “सेव अर्थ” विषय पर आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
यह जागरूकता रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर किला मार्ग होते हुए कोतवाली एवं चहारसू चौराहा तक निकाली गई। रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री शम्स अब्बास जी एवं उप-प्रधानाचार्य श्री जीशान खान जी के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ।
अपने संबोधन में प्रबंधक श्री शम्स अब्बास जी ने कहा कि “पृथ्वी हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। यदि हम आज इसके संरक्षण के लिए जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। छोटे-छोटे प्रयास जैसे पेड़ लगाना, जल बचाना और प्रदूषण कम करना ही भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।”
उप-प्रधानाचार्य श्री जीशान खान जी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “आप ही देश का भविष्य हैं। यदि आप आज से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनेंगे, तो समाज में एक बड़ा बदलाव संभव है। हमें केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन पृथ्वी दिवस के रूप में मनाना चाहिए।”
इस अवसर पर रोटरी क्लब जौनपुर के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें अध्यक्ष श्री विवेक कुमार सेठी जी, सचिव डॉ. बृजेश कन्नौजिया जी एवं श्री रविकांत जायसवाल जी विशेष रूप से शामिल हुए। रोटरी क्लब द्वारा विद्यार्थियों के लिए ऊर्जा पेय, बिस्कुट एवं केले वितरित किए गए तथा विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की गई।
रैली के दौरान विद्यालय के समर्पित शिक्षकों—अज़हर अब्बास, अराधना मौर्य, राज यादव, प्रिया सिंह एवं क़ासिम रज़ा—ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस सफल आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम जनमानस में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने