अब तक 1130 फोन लौटाकर लोगों के चेहरों पर लाई मुस्कान
जौनपुर-साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को राहत देने की दिशा में जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर क्राइम थाना/सेल जनपद जौनपुर ने सीईआईआर पोर्टल (CEIR Portal) के माध्यम से 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही जनपद जौनपुर में अब तक कुल 1130 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल साइबर क्राइम आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी सदर/साइबर क्राइम देवेश सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में की गई।
शहर गांव दर्पण
साइबर क्राइम थाना जौनपुर द्वारा प्राप्त गुमशुदगी प्रार्थना पत्रों एवं CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं थानों की साइबर सेल टीमों ने यह मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें थाना शाहगंज से 19, खुटहन से 04, कोतवाली से 03, लाइनबाजार से 03, सरायख्वाजा से 03, तेजीबाजार से 02, सरपतहाँ से 03, सुजानगंज से 03, मडियाहूं से 03, मुंगराबादशाहपुर से 02 तथा नेवढिया से 01 मोबाइल फोन शामिल हैं।
बरामद मोबाइल केवल जनपद जौनपुर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों—आजमगढ़, प्रयागराज, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़, भदोही आदि से भी रिकवर किए गए हैं। इसके अलावा कुछ मोबाइल फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन प्रमुख रूप से वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग कंपनियों के हैं। इन सभी मोबाइलों का वितरण अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम श्री देवेश सिंह द्वारा मोबाइल स्वामियों को किया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर सभी लाभार्थी काफी संतुष्ट और खुश नजर आए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर शिकायत अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि “साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।” साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, अथवा अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क से संपर्क करें।
बरामदगी करने वाली पुलिस
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना महेश पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक नीलम सिंह सहित साइबर क्राइम थाना एवं जनपद के समस्त थानों की साइबर सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
जौनपुर पुलिस की यह पहल न केवल साइबर अपराध के खिलाफ सख्त संदेश देती है, बल्कि आमजन के भरोसे को भी मजबूत करती है।
Tags:
Jaunpur
