जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को संक्षेप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था और निराशा से विकास की ओर ऐतिहासिक बदलाव किया है तथा आज प्रदेश देश का “ग्रोथ इंजन” बन चुका है।
मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना, निवेश, महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बढ़ती महिला भागीदारी और किसानों को रिकॉर्ड भुगतान इसका उदाहरण हैं।
जौनपुर की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 9.55 लाख किसानों को 2815 करोड़ रुपये दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लाखों लोगों को आवास मिला, जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से हजारों जोड़े लाभान्वित हुए।
ऊर्जा, स्वच्छता और पर्यटन क्षेत्र में भी तेजी से कार्य हुए हैं। मां शीतला चौकिया धाम के विकास सहित कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं, वहीं हजारों शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया है।
इस दौरान विधायकगण, एमएलसी, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Tags:
Jaunpur
