जौनपुर -जफराबाद थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साहबलाल निषाद पुत्र भोलानाथ निषाद निवासी ग्राम धनेजा, थाना जफराबाद उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक वादिनी की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन साहबलाल मृतका से बात कर रहा था और रात में भी उसे मृतका के पास देखा गया था। गांव वालों ने बताया कि आरोपी दुष्ट और मानसिक विकृत प्रवृत्ति का है। नशे का आदी होने के कारण उसकी पत्नी बच्चों के साथ उसे छोड़कर गुजरात में रह रही है। वह अकेले घर में रहता था।
हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर साहबलाल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी की टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 146/2026 धारा 137(2)/103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। आरोपी पर पहले से भी मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज है।
इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में गुस्सा है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
